Monday, January 28, 2019

कांग्रेस सत्ता में आई तो गरीबों के लिए न्यूनतम आय गारंटी योजना शुरू करेंगे: राहुल गांधी

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव से पहले गरीबों के लिए नई योजना का ऐलान किया। सोमवार को यहां किसान आभार सम्मेलन में उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो सरकार गरीबों के लिए न्यूनतम आय गारंटी की शुरुआत करेगी। उन्होंने ट्वीट किया- तब तक न्यू इंडिया नहीं बना सकते हैं, जब तक कि हमारे करोड़ों भाई-बहन गरीबी का दंश झेलते रहेंगे।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ''आपने देखा, जो मैं कहता हूं, वो करके दिखाता हूं। फिर चाहे किसानों की कर्जमाफी हो, अधिग्रहित जमीन वापस करने का मामला हो। कांग्रेस ने मनरेगा में 100 दिन रोजगार दिया। सूचना का अधिकार दिया। अब हम ऐसा कदम उठाने जा रहे हैं, जो दुनिया की किसी सरकार ने नहीं किया। हमने फैसला किया है कि देश के हर गरीब को 2019 के बाद कांग्रेस सरकार न्यूनतम आय की गारंटी देने जा रही है।''

भाजपा ने देश में दो भारत बना दिए
राहुल गांधी ने कहा- ''भाजपा नेता जो 15 सालों में नहीं कर पाए, वो कांग्रेस ने 2 दिन में कर दिया। देश में पैसे की कमी नहीं है। केंद्र सरकार एक उद्योगपतियों का और दूसरा गरीबों का भारत बनाना चाहती है। एक जहां, ललित मोदी, विजय माल्या जैसे लोगों को धन मिल जाएगा। अनिल अंबानी को 30 हजार करोड़ रुपए। दूसरा वो देश है जहां हम और आप हैं, जिन्हें कुछ नहीं मिल सकता। सिर्फ सुनने के लिए मन की बात मिलती है।''

छत्तीसगढ़ का चावल विदेशों में जाएगा
राहुल ने कहा कि केंद्र में हमारी सरकार बनने पर किसान और पंचायत से पूछकर जमीन ली जाएगी। अगर काम नहीं हुआ तो पांच साल में इसे वापस कर देंगे। छत्तीसगढ़ देश का ही नहीं, पूरी दुनिया के धान का कटोरा बनेगा। यहां का चावल पूरी दुनिया में ले जाया जाएगा। हर किसी की डाइनिंग टेबल पर यहां का चावल होगा।

राहुल ने ऋण मुक्ति पत्र बांटे, किसानों ने सेल्फी ली
कांग्रेस अध्यक्ष ने किसानों को ऋण मुक्ति प्रमाण पत्र बांटे। प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही सरकार ने 10 दिन से पहले ही अपना वादा निभाया और किसानों के कर्ज को माफ किया था। राज्य में कांग्रेस को मिली जीत के बाद राहुल का यह पहला दौरा था। राहुल की इस रैली को छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव का शंखनाद माना जा रहा है।

लोकसभा चुनावों के मद्देनजर उत्तरप्रदेश में कांग्रेस नया प्रयोग कर सकती है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पूर्वी और पश्चिमी उत्तरप्रदेश के लिए दो अलग-अलग पार्टी अध्यक्ष नियुक्त करने की तैयारी में हैं। जल्द ही इनके नामों का ऐलान हो सकता है। हाल ही में कांग्रेस ने प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया को कांग्रेस महासचिव बनाया है।

उत्तरप्रदेश में संगठन को मजबूत करने के लिए राहुल ने प्रियंका गांधी वाड्रा को पूर्वी और ज्योतिरादित्य सिंधिया को पश्चिमी उत्तरप्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी है। इसी तरह पूर्वी और पश्चिमी उत्तरप्रदेश के लिए दो प्रदेश अध्यक्ष बनाए जा सकते हैं।

2 महासचिव, इसलिए 2 अध्यक्ष

पार्टी सूत्रों का कहना है कि एक प्रदेश अध्यक्ष को दो प्रभारी महासचिवों के साथ काम करने में मुश्किल होगी। इसलिए प्रदेश को दो हिस्सों में बांटते हुए अलग-अलग प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जा सकते हैं। इससे पहले पार्टी ने प्रदेश को चार क्षेत्रों में बांटते हुए प्रभारी नियुक्त किए थे।

पूर्वी उत्तरप्रदेश में ब्राह्मण को मिल सकती है कमान

सूत्र यह भी बताते हैं कि पूर्वी उत्तरप्रदेश में किसी ब्राह्मण नेता को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जा सकता है। जबकि पश्चिमी उत्तरप्रदेश में ओबीसी या मुस्लिम नेता को प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। 

उत्तरप्रदेश में ये हैं 2 फाॅर्मूले

फाॅर्मूला नंबर 1- राज्य में दो प्रदेश अध्यक्ष रहेंगे जो अलग-अलग प्रदेश प्रभारियों के साथ काम संभालेंगे। इनके नीचे सेक्रेटरी और अन्य टीम रहेगी। 

फाॅर्मूला नंबर 2-  एक अध्यक्ष, चार कार्यकारी अध्यक्ष, आठ सचिव हो सकते हैं। इनमें चार पश्चिमी उत्तरप्रदेश और चार पूर्वी उत्तरप्रदेश में रहेंगे। 

No comments:

Post a Comment